यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय नागरिकों, तीर्थपुरोहितों, व्यापारियों और सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका : आशा नौटियाल

विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पौराणिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही वर्ष 2026 की केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इस वर्ष बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए देश-विदेश से 19 लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं की यह ऐतिहासिक संख्या बाबा केदार के प्रति करोड़ों भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाती है। इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने समस्त श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बाबा केदारनाथ की पावन भूमि से विशेष आध्यात्मिक लगाव रहा है, उनके मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए गए जिसके परिणाम स्वरूप इस वर्ष सफल संचालन किया गया।

यात्रा मार्गों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। उन्होंने कहा कि 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का बाबा केदार के दर्शनार्थ पहुंचना पूरे केदारघाटी के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। यह उपलब्धि सरकार के प्रयासों के साथ-साथ स्थानीय जनता के सहयोग, समर्पण और सेवाभाव का भी परिणाम है।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और हजारों स्थानीय परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार भी है। यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय नागरिकों, सम्मानित तीर्थपुरोहितों, व्यापारियों, होटल और टेंट व्यवसायियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों, डंडी-कंडी संचालकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के प्रति हमारा भाव सदैव ‘अतिथि देवो भवः’ का रहा है। स्थानीय लोगों ने पूरे यात्राकाल में अतिथि सत्कार, सेवा, सहयोग एवं समर्पण की भावना के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सभी ने मिलकर यात्रा को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।विधायक नौटियाल ने यात्रा से जुड़े सभी स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, तीर्थपुरोहितों, व्यापारियों, युवा साथियों, महिला समूहों, प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आभार व्यक्त किया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *