देहरादून : उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग में नवनियुक्त अध्यक्ष वेनू अग्रहरी ढिंगरा ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यालय पहुँचने पर आयोग के अनुसचिव डॉ. सतीश कुमार सिंह और समस्त कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से पदभार संभाला। शासन के मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से 13 नवंबर, 2026 को आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति आयोग के अध्यक्ष पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से लागू हो जाएगी।

शासनादेश के अनुसार, उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग में पूर्व में नामित अध्यक्ष का कार्यकाल 6 जनवरी, 2025 को समाप्त हो गया था। इसके बाद आयोग में कार्यवाहक अध्यक्ष नामित किए जाने के संबंध में 21 फरवरी, 2025 और 24 फरवरी, 2025 को ऑर्डर जारी किए गए थे। अब सरकार ने इन दोनों आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए वेनू अग्रहरी ढींगरा को आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
वेनू अग्रहरी ढिंगरा एक जानी-मानी समाज सेविका और लेखिका भी रही हैं। सामाजिक सरोकारों और लेखन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिक्षा और कल्याण से जुड़ी योजनाओं को एक नई दिशा और गति मिलेगी। कार्यभार ग्रहण करने के इस अवसर पर आयोग की विधि अधिकारी ममता रौथाण, बाल मनोवैज्ञानिक डॉ. निशात इकबाल, सहायक लेखाकार संदीप सकलानी, कनिष्ठ सहायक शान्ति भट्ट और डीईओ सुश्री अंजली सहित आयोग के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
