हिमालयी राज्यों में स्वच्छता के मामले में रुद्रपुर नंबर वन, प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

रुद्रपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ऊधमसिंह नगर जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रुद्रपुर नगर निगम ने क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त कर नंबर वन का गौरव हासिल किया है। वहीं काशीपुर नगर निगम उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर बना है। इस उपलब्धि पर ऊधमसिंह नगर के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने दोनों शहरों के महापौरों एवं नगरवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

प्रभारी मंत्री ने रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा और काशीपुर के महापौर दीपक बाली को इस उपलब्धि के लिए विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि दोनों शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर का हिमालयी राज्यों में नंबर वन स्थान प्राप्त करना जनपद के लिए गौरव की बात है। वहीं काशीपुर का उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर बनना भी सराहनीय उपलब्धि है। यह सम्मान दोनों नगर निगमों के महापौर, अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रुद्रपुर और काशीपुर भविष्य में भी स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने दोनों शहरों के महापौरों, नगर निगम की पूरी टीम और समस्त जनपदवासियों को एक बार फिर इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *