जीत ने गंगोत्री से गंगासागर तक भारत को भगवामय किया : धामी

बंगाल समेत 3 राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। झाल मूडी के स्वाद संग होली दिवाली मनाते हुए मुख्यमंत्री धामी ने इसे गंगोत्री से गंगासागर तक भगवामय तस्वीर बताया। साथ ही इस जीत को 29 के सेमीफाइनल और 32 के फाइनल में उत्तराखंड में भी दोहराने का आह्वाहन किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने इन जीतों, विशेषकर बंगाल की जीत को पार्टी संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित किया।

पार्टी मुख्यालय में हुए इस जोरदार जश्न में कार्यकताओं ने प्रदेश नेतृत्व के साथ जमकर होली दिवाली एक साथ मनाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कार्यकर्ताओं संग रंग गुलाल से होली खेली। वहां संगठन और नेतृत्व की गगनचुंबी नारों के साथ हुई आतिशबाजी से कार्यकर्ताओं ने आसमां सर पर उठा दिया। जश्न उस समय और खास हो गया , जब बंगाल की प्रवासी महिलाओं द्वारा वहां का पारम्परिक धुनुची नृत्य प्रस्तुत किया जिसमें मिट्टी के बर्तन में नारियल और धूप जलाकर धुंआ से माहौल को पवित्र और सुगंधित किया। साथ ही वहां की विशेष उलू ध्वनि से खुशी का इजहार किया। उसके उपरांत सभी ने बंगाल की पारंपरिक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस चुनाव में प्रचारित झाल मुड़ी का स्वाद लिया।

इस अवसर पर कार्यकताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने असम हैट्रिक, पुद्दुचेरी की लगातार दूसरी जीत और बंगाल में ऐतिहासिक जीत के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पार्टी केंद्रीय नेतृत्व में इन जीतों ने गंगोत्री से गंगासागर तक पूर्णतया देश को भगवामय कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे भी संदेशखाली और अन्य स्थानों पर चुनाव प्रचार के लिए जाने का मौका मिला। आज मां काली के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है वहां सरकार का बनना। ये सभी जीतें और विशेषकर जनसंघ के संस्थापक की भूमि पर भगवा फहराया जाना हम सबके लिए गौरवान्वित करने वाला क्षण है। इस चुनाव ने पुनः साबित किया है कि डबल इंजन की सरकार स्थापित करना आज देश की प्राथमिकता है। क्योंकि ये डबल इंजन सरकार अब विकास सुशासन और जनकल्याण का प्रतीक बन गया है। नारी शक्ति अधिनियम को रोकने का जो पाप कांग्रेस और विपक्ष ने किया, उसकी सजा जनता ने उन्हें दी है।

उन्होंने कहा कि हमारे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की रणनीति से उनके कार्यकाल की शानदार जीत से शुरुआत हुई है। अब हम इसे उत्तराखंड में भी 29 के सेमीफाइनल और 32 के फाइनल में भी दोहराएंगे। आज कश्मीर से कन्याकुमारी और अटक से कटक तक भगवा लहरा रहा है। उत्तराखंड में भी इस जीत और पीएम के संदेश को हमें घर घर ले जाना है।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भट्ट ने खुशी जताते हुए कहा कि आज हमने उस किले को फतह किया जिसके लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कुर्बानी दी है। वर्ग विशेष को संरक्षण देने वाली सरकार के खिलाफ परिवर्तन का संदेश दिया है। अब बांग्लादेश से घुसपैठियों का रास्ता बंद होंगा और जो आ गए उन्हें बाहर निकालने का रास्ता साफ हुआ है। इन चुनावों में एक बड़ा चमत्कार हुआ है कि देश से सभी राज्यों से पूरी तरह सीपीएम और वामपंथ समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि ये उत्साह उत्तराखंड के लिए भी लाभदायक रहने वाला है। अब हम सब मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में तीसरी बार देवभूमि में कमल खिलाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समेत चुनावी राज्यों में गए कार्यकर्ताओं और 45 पूर्णकालिकों के योगदान का भी धन्यवाद किया। उन्हें 3 राज्यों की जीत विशेषकर बंगाल की जीत को भाजपा विचार प्रेरणता और जनसंघ संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित करते हुए उन्हें एक सच्ची श्रृद्धांजलि बताया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि जीत का यह उत्सव प्रदेश में अगले 3 दिन मनाया जाएगा जिसने गांव-गांव और घर-घर तक बंगाली समुदाय और अन्य लोगों के साथ तुष्टिकरण और विकास विरोधी नीतियों के खिलाफ मिली जीत को मनाया जाएगा।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कार्यकर्ताओं के बलिदान को याद करते हुए इस जीत को सौभाग्य का अभूतपूर्व क्षण बताया। उन्होंने इन चुनावों में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और प्रदेश के कार्यकर्ताओं के योगदान को भी शानदार बताया। उन्होंने अटल जी के उस विचार को याद करते हुए कहा कि अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा की तर्ज पर आज देश के कोने-कोने में कमल खिल रहा है। प्रदेश की जनता ने भी मन बनाया हुआ है और 2027 में भी उत्तराखंड में भाजपा की सरकार तीसरी बार लायेंगे।

आज हुए भव्य जश्न में राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, दीप्ति रावत, विधायक सविता कपूर, सरकार में दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन, विनोद उनियाल, डॉ. गीता खन्ना, मधु चौहान, मधु भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, आदित्य चौहान, जगमोहन रावत, रुचि भट्ट, विपुल मेंदोली समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकरी और वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email