देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सरकार ने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल और बिस्तर पर आ चुके दो आंदोलनकारियों को अब 20,000 रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस राशि से दोनों आंदोलनकारियों की सही देखभाल के लिए एक-एक सहायक (केयरटेकर) रखा जा सकेगा। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद शासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

शासनादेश के अनुसार, यह सहायता हरिद्वार के निवासी प्रकाश चन्द्र कांति और देहरादून के निवासी अमित ओबेरॉय को दी जाएगी। गौरतलब है कि इन दोनों राज्य आंदोलनकारियों को फिलहाल 30,000 रुपये प्रतिमाह की विशेष सम्मान पेंशन मिल रही है। अब उनकी देखरेख और मेडिकल सहायता के लिए 20,000 रुपये महीने की अतिरिक्त राशि मंजूर की गई है, जिससे उन्हें हर संभव राहत मिल सके।
