उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने आज कांवली रोड सहित विभिन्न वार्डवासियों को बड़ा तोहफा देते हुए राजपुर रोड के कोमेट कालोनी, कबीर डेरी वाली गली, गोपीनाथ मंदिर वाली गली, अंसारी मार्ग, डाडीपुर मौहल्ला, कालिका मंदिर के सामने वाली गली सहित विधानसभा क्षेत्रांतर्गत विभिन्न क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों के स्थान पर नई पेयजल लाइनें बिछाने के कार्यों का भूमि पूजन कर क्षेत्रवासियों को 5 करोड़ 80 लाख रुपए से अधिक कार्यों की सौगात दी जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि क्षेत्रवासियों द्वारा पिछले काफी समय से पेयजल सुधारीकरण की मांग की जा रही थी जिसका जनहित में तत्काल संज्ञान लेते हुए विधायक ने अधिकारियों को क्षेत्र की क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं के पुर्ननिर्माण को लेकर प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिये, जिस पर राजपुर विधायक व समाज कल्याण मंत्री खजान दास द्वारा जनहित में शासन से तुरंत 5 करोड़ 80 लाख रुपए की स्वीकृति दिलाते हुये आज निर्माण कार्यों का भूमि पूजन करते हुए जनमानस की समस्याओं का समाधान किया।

इस अवसर पर खजान दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों मे कहा कि निर्माण कार्य हर हाल में समय अवधि में पूरे किए जाय और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोई कमी न हो अन्यथा संबधित अधिकारियों को बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने करोड़ों की योजनाओं के भूमि पूजन पर अधिशासी अभियन्ता के न पहुंचने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। खजान दास ने अधिशासी अभियन्ता आशीष भट्ट को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि इस प्रकार की हीला हवाली भविष्य में कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

विधायक व समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि भाजपा सरकार की जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर स्पष्ट निति है और प्रदेश के युवा यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विकास के लिए एक विजन के रूप में काम कर रहे है और सदैव विकास कार्यों पर पैनी नजर रखते हैं। उन्होने यह भी कहा कि अधिकारी यह गलतफहमी न पालें कि उनके ऊपर कोई नजर नही रखता है, मुख्यमंत्री स्वंय समय-समय पर क्षेत्र की हर एक निर्माणाधीन योजनाओं, उनकी गुणवत्ता और क्षेत्र में अन्य समस्याओं की जानकारी लेते रहते हैं।

मुख्यमंत्री की त्वरित कार्यशैली का ही असर है कि आज हर एक विकास कार्य समय अवधि में पूर्ण हो रहे हैं जिससे एक ओर सरकारी धन की बचत होती है तो वहीं दूसरी ओर जनमानस को समय पर तमाम विकास योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है। मुख्यमंत्री धामी की स्पष्ट और पारदर्शी नीति का ही फल है कि आज तमाम विकास कार्यों को समय से स्वीकृतियां प्राप्त हो रही है और निर्माण कार्य में होने वाले अनावश्यक विलम्ब के कारण निर्माण कार्य की लागत में होने वाली वृद्धि पर भी अंकुश लगा है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद संतोख नागपाल, अनिता गर्ग, विमला गौड, मनोज जाटव, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, मण्डल अध्यक्ष भाजपा अम्बेडकर मण्डल पंकज शर्मा, महामंत्री अंकुर जैन, पूर्व पार्षद मुरलीधर शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल पुरी, गल संस्थान के अधिकारियों के साथ तमाम जनप्रतिनिधिगण और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।