दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे को फोर के बाद छह लेन किए जाने के लिए हरी झंडी मिली है। पहले चरण में मेरठ से रूड़की तक हाईवे को छह लेन किया जाएगा। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) परीक्षण एवं सर्वे के लिए प्राइवेट संस्था को नामित करेगा।
यह संस्था हाईवे पर पड़ने वाले फ्लाईओवर, अंडरपास के साथ इसके निर्माण की लागत की डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपेार्ट (डीपीआर) बनाएगी। हालांकि निर्माण से पहले जनपद के मंत्रियों, सांसद से भी विभाग मंत्रणा करेगा, उसके बाद अपना कदम उठाएगा।
दिल्ली से लेकर देहरादून तक लगभग 250 किलोमीटर लंबा नेशनल हाईवे बना है, यह हाईवे वर्ष 2009 में कई हिस्सों में चार लेन बनाया गया था। वर्तमान में हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है। जिसके चलते इसको छह लेन में करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जोर लगा रहा है।
