युवाओं के विचारों और संकल्पों से साकार होगा विकसित भारत का सपना: भरत सिंह चौधरी

रुद्रप्रयाग: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के ग्राम्य विकास और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री भरत सिंह चौधरी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

इस दौरान मंत्री भरत चौधरी ने युवाओं के विचारों, सपनों और आकांक्षाओं को जाना। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, नवाचार, रचनात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं की सहभागिता, नए विचारों और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। युवाओं को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र प्रतिनिधियों और प्राचार्य ने महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं से कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी को अवगत कराया। भरत चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि महाविद्यालय से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थान युवाओं के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महाविद्यालय के प्राचार्य आसुतोष त्रिपाठी, छात्र संघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह, भगवती नौटियाल, श्रीमती पार्वती गोस्वामी, शीला रावत, अमित प्रदाली, धर्मेंद्र कंडवाल सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *