टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, खेल मंत्री रेखा आर्या रहीं मुख्य अतिथि

उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को निखारने का मजबूत मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा देते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्म सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था लागू की गई है, साथ ही सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को 4 प्रतिशत आरक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।

खेल मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े खेल आयोजन होने हैं, ऐसे में प्रदेश के खिलाड़ियों के पास अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर है। सरकार बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग दे रही है।

उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम के अंत में खेल मंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email