समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। इस बीच खजान दास ने कहा कि विभाग के समस्त कर्मचारीगण आपसी समन्वय और जिम्मेदारी से अपनी योग्यता के अनुसार कार्य करें जिससे विभाग की प्रगति में सुधार लाया जा सके। उन्होंने पेंशन योजनाओं के तहत विधवा और दिव्यांग पेंशन को 1500 रूपये से 25 प्रतिशत बढ़ाकर 1875 रूपये कर दी गई है। इसके अलावा बौना पेंशन और तीलू रौतेली पेंशन को 1200 रूपये से बढ़ाकर 1500 रूपये करने और दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान को 700 रूपये से बढ़ाकर 1000 रूपये करने को लेकर अधिकारियों को जरूरी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।

समाज कल्याण मंत्री ने छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित सत्यापन के तरीके को सुदृढ़ बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं में किसी भी तरह की चूक बर्दाशत नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लाभार्थी छात्रवृत्ति योजनाओं से वंचित न रह पाएं। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित अनुदान योजनाओं के बारे में भी समीक्षा की।

खजान दास ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और राजकीय औद्योगिक संस्थानों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजकीय औद्योगिक संस्थानों में नये ट्रेड शुरू किये जाएं और अनुभवी शिक्षकों, प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाए। खजान दास ने डॉ. बी.आर अम्बेडकर अनुसूचित जाति छात्रावास की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में इस तरह के 14 छात्रावास संचालित किये जा रहे हैं।

समाज कल्याण मंत्री ने गर्लस इण्टर कॉलेज मसूरी के छात्रावास भवन का पुनर्निर्माण 3 महीनों में पूरा करने और सितम्बर महीने तक छात्रावास के संचालन शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं में आय सीमा 4000 रूपये से बढ़ाकर 6000 रुपए किये जाने का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने इंटरकास्ट मैरिज को लेकर सामान्य जाति की विधवा और एससी-एसटी परिवारों को दिये जाने वाली शासकीय सहायता की समय सीमा वित्तीय वर्ष न रखते हुए 365 दिन (डेट टू डेट) की अवधि किए जाने के भी निर्देश दिए।

खजान दास ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंर्तगत संचालित आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाओं को विभाग द्वारा बढ़ावा देना चाहिए जिससे जनकल्याण का हमारा प्रयास पूरा हो सके। उन्होंने अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय वयो श्री योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों को प्रदान किये जाने वाले निशुल्क सहायक उपकरणों जैसे छड़ी, व्हील चेयर, श्रवण यंत्र, चश्मा आदि का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये।

समाज कल्याण मंत्री ने राज्य में संचालित 6 वृद्धाश्रमों, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के अंर्तगत वित्तीय सहायता, एससी-एसटी के छात्रों के लिए परीक्षा पूर्व निशुल्क कोचिंग, एससी उपघटक योजना के तहत अवस्थापनों का विकास आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने दिव्यांग कल्याण के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों पर अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि 13 जनपदों के आधार पर प्रस्ताव तैयार किये जाएं और एससी-एसटी बाहुल्य क्षेत्रों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि कार्य गुणवत्तापरक हों और समय पर पूरे किये जाएं।

खजान दास ने समाज कल्याण विभाग के अंर्तगत बहुउद्देशीय वित्त विभाग निगम द्वारा संचालित स्माईल परियोजना, शिल्पी ग्राम योजना, नमस्ते योजना आदि की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को भी समान रूप से इन योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने जनजाति कल्याण की भी समीक्षा की।

इस अवसर पर समाज कल्याण सचिव श्रीधर बाबू, अपर सचिव प्रकाश चन्द्र, निदेशक संदीप तिवारी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया और समस्त जनपदों के जिला समाज कल्याण अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email