देहरादून। दीपावली के पावन पर्व पर शहरवासियों को बेहतर, सुरक्षित और रोशनी से जगमगाता वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम देहरादून पूरी तरह मुस्तैद है। महापौर सौरभ थपलियाल ने शहर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए हैं कि दीपावली के दौरान किसी भी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए और सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इसी क्रम में महापौर ने वार्ड संख्या 76 और कारगी चौक के आसपास पहुंचकर प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त किया जाए और दीपावली तक नियमित निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि शहर का कोई भी इलाका अंधेरे में न रहे। महापौर ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने कहा कि दीपावली खुशियों, उत्साह और प्रकाश का पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि देहरादून का प्रत्येक वार्ड रोशनी से जगमगाए और नागरिकों को त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य कर रही हैं।
