देहरादून। टिहरी गढ़वाल में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के आठवें दिन चिकित्सा स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में वन भवन, देहरादून में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ सरकार ने सकारात्मक संवाद किया।
बैठक में मंत्री सुबोध उनियाल ने समिति के प्रतिनिधियों की मांगों और जनपदवासियों की भावनाओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण के विषय पर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीएचडीसी द्वारा तैयार की गई डीपीआर पर परस्पर समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, टीएचडीसी प्रशासन से भी प्रतिबद्धता के अनुरूप कार्य करते हुए प्रगति से अवगत कराने की अपेक्षा की गई।

जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैठक में एक और बड़ा निर्णय लिया गया। जिला चिकित्सालय टिहरी की वर्तमान 100 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 200 बेड किए जाने की मांग को स्वीकार कर लिया गया है। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में विभागीय सचिव विनय शंकर पाण्डेय, टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, अपर सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य रोहित मीणा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा आशुतोष सयाना, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल और टिहरी के सीएमओ डॉ. राम प्रकाश प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे। वहीं, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के अंत में विभागीय सचिव ने आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की, ताकि सकारात्मक संवाद के जरिए आगे की कार्यवाही जारी रखी जा सके।
