हर वर्ष चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या ने बद्री-केदार मंदिर समिति के सामने व्यवस्थाओं को लेकर नई चुनौती खड़ी कर दी है। खासकर केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में सीमित स्थान होने के कारण श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ का प्रबंधन करना आसान नहीं है। इसे देखते हुए बदरी केदार मंदिर समिति अब दर्शन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नई रणनीति तैयार कर रही है। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देते हुए विशेष पूजाओं में भी कटौती की गई ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकें।


उन्होंने कहा कि मंदिर समिति के अंतर्गत 47 मंदिर, 27 धर्मशालाएं और संस्कृत विद्यालय संचालित होते हैं, जिनका खर्च दान और विशेष पूजाओं से चलता है।आने वाले समय में रेल, ऑल वेदर रोड और रोपवे जैसी सुविधाओं से श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी। ऐसे में क्यू मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण के लिए रोडमैप और एसओपी तैयार की जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को कम करने के लिए शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
