गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय गुप्तकाशी में 50 लाख की लागत से होगा खेल मैदान का विस्तारीकरण, विधायक आशा नौटियाल ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय, गुप्तकाशी में 50 लाख की लागत से होने वाले खेल मैदान विस्तारीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी आवश्यक है। खेल मैदान के विस्तारीकरण से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही आसपास के गांवों के स्थानीय युवाओं को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। इस मैदान के विस्तारीकरण से स्थानीय युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने तथा जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भी बेहतर खेल सुविधाएँ अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हों, ताकि संसाधनों के अभाव में उनकी प्रतिभा प्रभावित न हो। विधायक ने कहा कि शिक्षा, खेल एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर युवा कल्याण परिषद के सदस्य राकेश भंडारी, जिला विकास प्राधिकरण के सदस्य विपिन सेमवाल, मंडल अध्यक्ष किरन शुक्ला, महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज गैड़ी, विनोद देवशाली, राहुल कुमार, रुचि रावत और आयुष सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *