बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर सड़क दुर्घटना के प्रभावितों को उचित मुआवजा देने के लिए विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

केदारनाथ: बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर कंडारा के निकट हुई भीषण वाहन दुर्घटना में जनहानि और लोगों के घायल होने पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा है। विधायक ने मुख्यमंत्री से दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के आश्रितों और परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान करने और घायल व्यक्तियों को भी नियमानुसार पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। सोमवार देर रात बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर कंडारा के निकट वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 4 व्यक्तियों की मौत और 6 व्यक्ति घायल हो गए थे।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि इस हृदयविदारक दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के दुःख में वह सहभागी हैं। संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना और घायलों के उपचार में हरसंभव सहयोग देना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मानवीय संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों को शीघ्र राहत प्रदान करने का अनुरोध किया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *