केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। क्षेत्र के चार प्रमुख मोटर मार्ग लमगोंडी–देवली–भणिग्राम, बलसुंडी–अखोड़ी, बाड़व मल्ला–कांदी, उनियाणा–रांसी–तलसारी मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्यों को लेकर वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि इन मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क व्यवस्था बेहतर होगी। इससे स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क सुविधाएँ पहुँचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की आवश्यकताओं, जनसमस्याओं और जनभावनाओं को शासन के समक्ष निरंतर मजबूती से रखते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनअपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार धरातल पर उतार रही है। केदारनाथ विधानसभा के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार निरंतर जारी रहेगा। जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विधायक आशा नौटियाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इन मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की जा रही थी। इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि विधायक आशा नौटियाल के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल रही है।
