सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्थापित होंगे एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस : सुबोध उनियाल

नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित “पांचवें डॉक्टर ऑफ़ द ईयर” सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी। इन केंद्रों के माध्यम से राज्य के चिकित्सकों को भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 के अंत तक राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूर्ण कर ली जाएंगी और पदोन्नति की प्रक्रिया को भी शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा।

उन्होंने सभी मेडिकल कॉलेजों से योग और ध्यान को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को मानसिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित रहकर देश और समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रदेश भर से चयनित 32 उत्कृष्ट चिकित्सकों को वर्ष 2026 के “डॉक्टर ऑफ़ द ईयर” पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त तीन चिकित्सकों को “आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवॉर्ड” और तीन चिकित्सकों को “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” प्रदान कर उनके चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सभी कार्मिकों के कल्याण, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता तथा बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email