देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामि बंसल द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में देहरादून शहर को अतिक्रमणमुक्त और सुव्यवस्थित बनाए रखने को लेकर नगर निगम देहरादून द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाते हुए अवैध कब्जों और अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान निगम भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाकर संबंधित स्थलों को अतिक्रमणमुक्त कराया गया और शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

अभियान के तहत धोरण खास स्थित खसरा संख्या 463 में नगर निगम की भूमि पर अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड, अवैध प्लाटिंग और निर्मित दीवार को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम द्वारा भूमि को पूर्ण रूप से अतिक्रमणमुक्त कराया गया। एटीएस कॉलोनी क्षेत्र में शासकीय भूमि को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य हेतु अनुमति जारी की गई, ताकि भविष्य में भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके।

वहीं हरभजवाला क्षेत्र में खसरा संख्या 2062, 2064 एवं 2065 पर नगर निगम स्वामित्व की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित सड़क के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में मंडी एवं अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई भी की गई। वार्ड संख्या 98 में मंडी बाला वाला क्षेत्र में नोटिस जारी किए गए। साथ ही वार्ड संख्या 84 बंजारा वाला सब्जी मंडी क्षेत्र में भी संबंधित व्यक्तियों को नोटिस प्रेषित किए गए।

रायपुर तपोवन रोड क्षेत्र में भी अभियान चलाते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई गई। नगर निगम देहरादून ने स्पष्ट किया है कि निगम अथवा सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण अथवा अतिक्रमण किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार, प्रभावी और कठोर रूप से जारी रहेगा।




