प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के आदेशों के क्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान द्वारा शुक्रवार को जनपद के निजी चिकित्सालयों में औचक निरीक्षण किया गया। सेलाकुई में एक दांतों का अस्पताल बिना पंजीकरण संचालित किया जा रहा था जिसे टीम द्वारा मौके पर बंद कराया गया और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया l
सहसपुर के यश हॉस्पिटल में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं पाए जाने के कारण कारण बताओं नोटिस दिया गया। सहसपुर में सार वेदा क्लीनिक का पंजीकरण नहीं पाया गया जिस कारण उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया। सेलाकुई में संचालित आयुष्मान हेल्थ केयर क्लीनिक में पैरामेडिकल स्टाफ पूर्ण नहीं पाया गया, जिसपर उनको भी कारण बताओं नोटिस दिया गया। सहसपुर में दून पाइल्स केयर क्लीनिक में ओपीडी रजिस्टर मेंटेन नहीं किया गया था, इन्हें भी कारण बताओं नोटिस दिया गया।
औचक निरीक्षण करने वाली टीम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इन सभी चिकित्सालय और क्लीनिक के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।

