टिहरी के जौनपुर क्षेत्र स्थित बाण्डासारी में राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान में किसानों को सम्बोधित करते कृषि मंत्री गणेश जोशी

टिहरी : प्रदेश के कृषि और जनपद टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने टिहरी के जौनपुर क्षेत्र स्थित बाण्डासारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।इस दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया। जौनपुर क्षेत्र आगमन पर ग्रामीणों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती और किसानों को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि का संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और आधुनिक व वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “खेत बचाओ अभियान” किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ कृषि योग्य भूमि को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन देने तथा कृषि को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने, मिट्टी परीक्षण के आधार पर खेती करने और जल संरक्षण और फसल विविधीकरण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि को अनुपयोगी होने से बचाना और उसकी उत्पादकता बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पंतवाड़ी क्षेत्र में किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। किसानों द्वारा खेतों तक पहुंच के लिए मोटर मार्ग निर्माण की मांग किए जाने पर कृषि मंत्री ने लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर लंबाई के मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अति सघन बागवानी योजना के एक लाभार्थी किसान के खेत का भी निरीक्षण किया तथा वहां स्थापित सेब के बगीचे का अवलोकन किया। उन्होंने बागवानी के क्षेत्र में किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने टिहरी के जौनपुर क्षेत्र में किसानों द्वारा अपनाई जा रही क्लस्टर आधारित खेती पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय दोगुनी करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा रासायनिक उर्वरकों के संतुलित और कम उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती के लाभ, मिट्टी की उर्वरता संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर धनौल्टी विधायक प्रीतम पंवार, प्रमुख सीता पँवार,मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल, राम दयाल सिंह, सुभाष रमोला, राजेश नौटियाल, ममता देवी, बलबीर सिंह ,सुष्मिता सहित बड़ी संख्या में कृषक गण और संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email