केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने बनाया नया कीर्तिमान : आशा नौटियाल

विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की आस्था ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए आंकड़े छू रही है। अब तक 19 लाख 4 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं जबकि कपाट बंद होने को लेकर दो दिन शेष हैं। वहीं पिछले वर्ष लगभग 18 लाख श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे थे। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले वर्ष के आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया है। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ धाम में प्रतिवर्ष बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या बाबा केदार के प्रति देश-विदेश के करोड़ों भक्तों की अटूट आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। यह केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड प्रदेश के लिए भी गौरव एवं प्रसन्नता का विषय है। बाबा केदार के दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत और देवभूमि की दिव्यता का अनुभव करने आ रहे हैं।

आशा नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केदारनाथ धाम के प्रति विशेष लगाव और उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन में धाम में हो रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों ने केदारपुरी को एक नई पहचान प्रदान की है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप केदारनाथ धाम में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं का विकास तथा धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को संरक्षित रखने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यात्रा प्रारंभ होने से लेकर पूरे यात्रा काल के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

विधायक ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुविधाओं को मजबूत करने तथा यात्रियों को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा समन्वित प्रयास किए गए। यात्रा के सफल संचालन में जिला प्रशासन, पुलिस, संबंधित विभागों, मंदिर समिति और स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक पहचान के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार का भी प्रमुख आधार है। यात्रा से क्षेत्र के व्यापारियों, होटल और टेंट व्यवसायियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों, स्थानीय युवाओं और विभिन्न स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आजीविका के अवसर प्राप्त होते हैं। इसलिए यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के साथ स्थानीय लोगों के हितों और रोजगार की रक्षा करना भी प्राथमिकता है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *