देहरादून। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने अपने विधानसभा क्षेत्र राजपुर के इन्द्रेश नगर वार्डवासियों को बड़ा तोहफा देते हुये शिवा सेनेट्री कावली रोड, शिवा सेनेट्री मालवीय रोड, महन्त रोड़, जाटव जी वाली गली इन्द्रेश नगर, पानी की टंकी इन्द्रेश नगर, छोटा जटिया मौहल्ला इन्द्रेश नगर, मुख्य मार्ग इन्द्रेश नगर आदि क्षेत्रो में क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को बदलने के कार्यों का भूमि पूजन कर क्षेत्रवासियों को 1.14 करोड़ रुपए से अधिक कार्यों की सौगात दी जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
गौरतलब है क्षेत्रवासियों द्वारा पिछले कुछ समय से उपरोक्त क्षेत्रों में सीवर लाइनों के सुधारीकरण की मांग की जा रही थी जिसका जनहित में तत्काल संज्ञान लेते हुये समाज कल्याण मंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र की क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं के पुनर्निर्माण हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिये, जिस पर समाज कल्याण मंत्री द्वारा जनहित में शासन से तुरन्त 1.14 करोड़ रुपए की स्वीकृति दिलाते हुए निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर जनमानस की समस्याओं का समाधान किया।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि इन्द्रेश नगर के सम्पूर्ण वार्ड में सीवर संबधी समस्याओं के निवारण के लिए पूरी सीवर लाइन बदलने के कार्य को मुख्यमंत्री द्वारा अपनी घोषणाओं मे सम्मिलित कर लिया गया जिसके आधार पर जल संस्थान द्वारा 28.06 करोड़ रुपए का प्राक्कलन शासन को प्रेषित कर दिया गया है जिस पर शीघ्र ही मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप स्वीकृति प्राप्त हो जायेगी।
इस अवसर पर खजान दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए विभाग को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि निर्माण कार्य हर हाल में समय अवधि में पूरे किए जाय और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोई कमी न हो, गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबधित अधिकारियों को बख्शा नहीं जायेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर स्पष्ट निति है और प्रदेश के युवा यशस्वी धाकड़ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विकास के लिए एक विजन के रूप में काम कर रहे है और सदैव विकास कार्यों पर अपनी पैनी नज़र रखते है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी यह गलतफहमी न पाले की उनके ऊपर कोई नजर नहीं रखता है, मुख्यमंत्री जी स्वयं समय-समय पर क्षेत्र की हर एक निर्माणाधीन योजनाओं उनकी गुणवत्ता एवं क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी लेते रहते हैं। मंत्री खजान दास ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की त्वरित कार्यशैली का ही परिणाम है कि आज हर एक विकास कार्य समय अवधि में पूर्ण हो रहे हैं जिससे एक ओर सरकारी धन की बचत होती है वहीं दूसरी और जनमानस को समय पर तमाम विकास योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री धामी की स्पष्ट और पारदर्शी नीति का ही फल है कि आज तमाम विकास कार्यों को समय से स्वीकृतियां प्राप्त हो रही है और निर्माण कार्य में होने वाले अनावश्यक विलम्ब के कारण निर्माण कार्य की लागत में होने वाली वृद्धि पर भी अंकुश लगा है।
इस अवसर पर निदेशक गढ़वाल मण्डल विकास निगम विशाल गुप्ता, श्रीमती मित्रा, पूर्व दायित्वधारी रविन्द्र कटारिया, पार्षद मनोज जाटव, मण्डल अध्यक्ष पंकज शर्मा, अनुराग अग्रवाल, अरविन्द गोयल तमाम भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिशासी अभियन्ता जल संस्थान आशीष भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।


