मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एमएफएन लाइटवेट विश्व चैम्पियन दिगंबर सिंह रावत ने की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में चमोली जनपद निवासी और मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिगंबर सिंह रावत ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिगंबर सिंह रावत को एमएफएन (Matrix Fight Night) लाइटवेट विश्व चैम्पियन बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिगंबर सिंह रावत ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर उत्तराखण्ड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि उत्तराखण्ड के युवा खेलों के क्षेत्र में भी वैश्विक पहचान स्थापित करने की क्षमता रखते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री दिगंबर सिंह रावत भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि चमोली जनपद के निवासी दिगंबर सिंह रावत वर्तमान में एमएफएन लाइटवेट विश्व चैम्पियन हैं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में आयोजित एमएफएन-18 प्रतियोगिता में पहले ही राउंड में तकनीकी नॉकआउट (टीकेओ) के माध्यम से शानदार जीत दर्ज कर रिक्त विश्व खिताब अपने नाम किया था। दिगंबर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन से युवाओं का मनोबल बढ़ रहा है तथा उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने की नई ऊर्जा प्राप्त हो रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email