भाजपा की जीत पर रुद्रप्रयाग में जश्न, केदारनाथ धाम में हुई विशेष पूजा-अर्चना

रुद्रप्रयाग: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर रुद्रप्रयाग मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट , जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कार्यकर्ताओं के साथ आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर खुशी का इज़हार किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। यही कारण है कि आज देश के 20 से अधिक राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकारें कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत और विशेष रूप से जनसंघ के संस्थापक की भूमि पर भगवा फहराया जाना हम सबके लिए गौरवान्वित करने वाला क्षण है। कहा कि इस चुनाव ने पुनः साबित किया कि डबल इंजन की सरकार स्थापित करना आज देश की प्राथमिकता है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को इस जीत की आधारशिला बताया।

वही केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अगस्तय मुनि में कार्यकर्ताओं के साथ इस ऐतिहासिक जीत के जश्न मैं शिरकत करते हुए कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सशक्त नीति-निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों की पारदर्शी कार्यशैली और विकास कार्यों ने जनता का भरोसा जीता है, जिसका परिणाम यह प्रचंड विजय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी इसी समर्पण के साथ जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा हमारे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की रणनीति से उनके कार्यकाल की शानदार जीत से शुरुआत हुई है। आज कश्मीर से कन्याकुमारी, गंगोत्री से गंगा सागर तक भगवान लहरा रहा है उत्तराखंड में भी इस जीत और पीएम मोदी जी के संदेश को हमें घर-घर ले जाना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी।

देश के विभिन्न राज्यों में मिली इस ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में केदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। विधायक आशा नौटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकासपरक नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा केदार के आशीर्वाद से देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email