सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने किया आशाओं की दैनिक डायरी का अवलोकन

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा द्वारा देहरादून जनपद के शहरी क्षेत्र में कार्यरत आशा कार्यकत्रियों की दैनिक डायरी का अवलोकन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शहरी क्षेत्र के अंतर्गत मन्नूगंज से आशा मजू काला, बिंदाल बस्ती से लक्ष्मी देवी, भगत सिंह कॉलोनी से ममता पाल, गुरू रोड से अनिता देवी, संजय कॉलोनी मंजू रानी, शिव कॉलोनी से मंजू बाला अपनी दैनिक डायरी लेकर उपस्थित हुई।

अवलोकन के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आशा कार्यकत्रियों से उनके कार्यक्षेत्र और उनकी दैनिक क्रियाकलापों की जानकारी ली गयी। उन्होंने आशा कार्यकत्रियों की दैनिक डायरी का अवलोकन करते हुए कहा कि सभी आशा कार्यकत्रियां अपने क्षेत्र में परिवार सर्वे का कार्य गंभीरता से करें, सर्वे के दौरान समस्त जानकारियां अपनी डायरी में दर्ज करें। गर्भवती महिलाओं की निरंतर निगरानी के संबंध में उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं व टीकाकरण हेतु बच्चों की ड्यू लिस्ट को अपडेट रखें।

छः महा से लेकर पांच वर्ष आयु तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार आयरन सिरप का वितरण करें तथा संबंधित रिपोर्टिंग प्रति माह ए.एन.एम. को उपलब्ध करायें। संस्थागत प्रसव एवं ए.एन.सी. जांच जागरूकता अभियान के संबंध में उन्होंने आशा कार्यकत्रियों को निर्देश दिये कि आगामी एक सप्ताह में संभावित प्रसव तिथि वाली गर्भवती महिलाओं से निरंतर संपर्क करते हुए उनके स्वास्थ्य की निगरानी करें। साथ ही नजदीकी प्रसव केन्द्र में प्रसव से पूर्व तैयारियों में गर्भवती की मदद करें। उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को चिन्हित करते हुए उनका प्रसव जिला चिकित्सालय या उप जिला चिकित्सालय में ही करवायें।

बैठक के अंत में सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने आशा कार्यकत्रियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि आशा कार्यकत्रियां स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समुदाय स्तर पर लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए आशाओं की अहम भूमिका है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email