देवभूमि उत्तराखंड योग की तपस्थली है और ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में हो रहा है स्थापित : सुबोध उनियाल

नरेंद्र नगर विधानसभा के मुनि की रेती के गंगा रिसोर्ट में आयोजित “अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026” का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री और नरेंद्र नगर के विधायक सुबोध उनियाल और उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा योग को वैश्विक पहचान मिली है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में स्वीकृति मिलना भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की हिमालयी पवित्र वादियां प्राचीन काल से ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही हैं और आज ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में प्रतिष्ठित होकर देश-विदेश से आने वाले हजारों लोगों को योग और आध्यात्म की ओर आकर्षित कर रहा है।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा देश की पहली योग नीति 2025 लागू की गई है जिसके अंतर्गत प्रदेश में योग और ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही योग, ध्यान और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 300 आयुष्मान आरोग्य केंद्र और 62 वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं और प्रत्येक जनपद में आयुष चिकित्सालय संचालित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी महाराज के साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email