राजधानी देहरादून में एक बार फिर दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसमें शहर के मच्छी बाजार में धारदार हथियार से युवती पर बेरहमी से हमला किया गया। हमले के बाद आनन फानन में लहूलुहान हालत में युवती को नजदीकी दून चिकित्सालय ले जाया गया लेकिन इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवती ने दम तोड़ दिया और चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक जांच शुरू की जा चुकी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार, निवासी खुडबूढ़ा मोहल्ला के रूप में हुई। कत्ल की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हमले के कारणों को लेकर सख्ती से सवाल किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
वहीं इस पूरे मामले पर एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि युवती मच्छी बाजार में काम करती थी और वारदात के समय उसने अपने परिचित के यहां अपनी स्कूटी खड़ी की थी और इसी दौरान इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 31 जनवरी को युवती की ओर से शिकायत मिली थी कि वह आरोपी आकाश से 2 साल से संपर्क में थी लेकिन हाल ही में बातचीत बंद होने के चलते आरोपी लगातार उससे बात करने की कोशिश कर रहा था और इसी शिकायत में उसने खुद पर हमले की आशंका भी जताई थी। वहीं पुलिस भी शिकायत के आधार पर आकाश के घर पहुंची लेकिन वह वहां से फरार हो गया और इसके बाद आज उसने इस घटना को अंजाम दिया।