प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा निर्देशों पर देहरादून के जिला चिकित्सालय यानी कोरोनेशन अस्पताल में देहरादून के सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आहूत की गयी। बैठक में अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र त्यागी, चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ चिकित्सक, समस्त विभागों के इंचार्ज और नर्सिंग इंचार्ज के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, जन संपर्क अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में सीएमओ द्वारा निर्देश दिये गये कि चिकित्सालय में 24 घंटे ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये और चिकित्सालय परिसर, प्रतीक्षा स्थल और वार्डों में साफ सफाई का विशेष ध्यान दें। वार्डों में हीटर और गर्म पानी की व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ बेड शीट, कंबल आदि की व्यवस्था रहे। मरीजों के लिए भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान दें। इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने आपात चिकित्सा सेवाओं के साथ ओपीडी और आईपीडी सेवाओं का भी जायजा लिया।

