मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिला चिकित्सालय

देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल द्वारा कोरोनेशन जिला चिकित्सालय और गांधी शताब्दी चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया गया। कोरोनेशन जिला चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल के उपस्थिति में निरीक्षण किया गया।

आपताकालीन चिकित्सा कक्ष में निरीक्षण के दौरान सीएमओ द्वारा संबंधित इंचार्ज को निर्देशित किया गया कि आपात चिकित्सा कक्ष में कम से कम 10 स्टिचिंग सेट की हर समय उपलब्धता रखें। ड्रेसिंग से संबंधित सामग्री और उपकरण ऑटोक्लेव हों और सुव्यवस्थित हो।

चिकित्सालय में आईपीडी के निरीक्षण के दौरान डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने वार्डों में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और रोगियों की समस्या और उन्हें दिये जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली। सीएमओ द्वारा उपस्थित चिकित्सा सिस्टर इंचार्ज को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक वार्ड के बाहर मरीजों के खाने का मेन्यू चस्पा करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा चिकित्सालय में आई.पी.डी. को बढ़ाने के लिए निर्देशित किया गया। ओ.टी कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण के दौरान डॉ. संजीव कटारिया द्वारा सीएमओ को व्यवस्थाओं की जानकारी दी गयी। कक्षों में साफ सफाई की उचित व्यवस्था पायी गयी और शल्य चिकित्सा सेवाएं व्यवस्थित पाई गयी।

इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जिला चिकित्सालय स्थिति पोस्टमार्टम हाउस का निरीक्षण किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मेडली-पीआर पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने को लेकर एक डाटा एंट्री ऑपरेटर की व्यवस्था करने के लिए डॉ. मनोज कुमार शर्मा द्वारा एसीएमओ डॉ. कैलाश गुंज्याल को निर्देशित किया गया। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में एक वॉशबेसिन और शेड सहित परिजनों हेतु एक वेटिंग एरिया की व्यवस्था को लेकर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया।

चिकित्सालय परिसर में एलीवेटेड कार पार्किंग का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें पार्किंग सुव्यवस्थित एवं क्रियाशील पायी गयी। आपातकालीन कक्ष और ओपीडी में व्हीलचेयर और स्ट्रेचर उपलब्ध पाये गये।

दैनिक समाचार पत्र में स्ट्रेचर की व्यवस्था ना होने के संबंध में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक द्वारा जानकारी दी गयी कि संबंधित मरीज द्वारा स्ट्रेचर की मांग नहीं की गयी थी, साथ ही मरीज को स्ट्रेचर की आवश्यकता नहीं पायी गयी थी। अन्यथा चिकित्सालय में स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर की पूरी व्यवस्था है।

रेडियोलॉजी विभाग के निरीक्षण के दौरान वेटिंग एरिया एवं कक्षों में साफ सफाई पायी गयी। रेडियोलॉजी सेवाएं क्रियाशील एवं सुव्यवस्थित पायी गयी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल, डॉ. यतेन्द्र सिंह, डॉ. निखिल, डॉ. प्रवीण पंवार, डॉ. आलोक जैन, डॉ. प्रियंका सहित जन संपर्क अधिकारी प्रमोद पंवार उपस्थित रहे।

गांधी शताब्दी चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान पेजयल आर.ओ में तकनीकी खराबी पायी गयी, जिसे मौके पर ही तकनीशियन को बुला कर ठीक करवाया गया। निरीक्षण में चिकित्सालय परिसर एवं वार्डों में साफ सफाई पायी गयी। चिकित्सालय परिसर में मॉडल टीकाकरण केन्द्र, एसएनसीयू और वार्डों का निरीक्षण भी किया गया, जहां व्यवस्था सही पायी गयी।

बेसमेंट और सभी तलों का निरीक्षण किया गया, इस दौरान बेसमेंट में पानी जमा पाया गया। पूछने पर जानकारी दी गयी कि सीवर का पानी ओवरफ्लो होने के कारण पानी का जमाव हो रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी जल संस्थान को अवगत कराया गया था, जिसके उपरांत सफाई भी की गयी, किंतु जल रिसाव की समस्या बनी हुई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कोरोनेशन हॉस्पिटल द्वारा ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत को लेकर महानिदेशक स्वास्थ्य से बजट की मांग के लिए पूर्व में ही पत्र प्रेषित किया गया है। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के इंचार्ज डॉ. अनिल आर्य, मैटर्न इंचार्ज और अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email