भाजपा ने 47वां स्थापना दिवस रुद्रप्रयाग में धूमधाम से मनाया

भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सूबे के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की उपस्थिति में पार्टी ध्वज फहराया गया और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर उत्सव मनाया। इस दौरान उद्घोष, मिष्ठान वितरण और संगठन के गौरवशाली सफर पर विस्तृत चर्चा की गई।

भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस हर वर्ष 6 अप्रैल को मनाया जाता है। 1980 में स्थापित यह पार्टी भारतीय जनसंघ की विचारधारा से प्रेरित होकर आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है, जो अंत्योदय, राष्ट्रवाद और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है।जिले के सभी मंडल मुख्यालयों पर भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शक्ति केंद्रों, बूथों और अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने संगठन निर्माण में योगदान देने वाले बलिदानी और तपस्वी कार्यकर्ताओं को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अनगिनत कार्यकर्ताओं के त्याग और समर्पण के कारण ही पार्टी ने दो सीटों से अपना सफर शुरू कर आज लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाई है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने कश्मीर को देश से जोड़े रखने के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए।

उन्होंने आपातकाल के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय पार्टी भले ही मजबूत राजनीतिक ताकत नहीं थी, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों कार्यकर्ताओं ने यातनाएं झेली। आज देश के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए केंद्र और राज्य सरकारें प्रतिबद्धता से कार्य कर रही हैं। उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ के साथ अनेक धार्मिक स्थलों का विकास और पुनरोद्धार इसी सोच का परिणाम है।

भरत चौधरी ने कहा कि भाजपा ने तमाम चुनौतियों और षड्यंत्रों का सामना करते हुए दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने का गौरव हासिल किया है। विपक्ष के भ्रम फैलाने के बावजूद पार्टी का संकल्प और समर्पण अटूट है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी चुनावों में जीत की हैट्रिक का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि स्थापना दिवस हम सभी के लिए गर्व का विषय है, जो नई ऊर्जा के साथ समाज और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने “चरैवेति-चरैवेति” के सिद्धांत पर चलते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का गौरवशाली इतिहास त्याग, तपस्या और समर्पण से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्षों से प्रेरणा लेते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला संयोजक अरुण चमोली, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम कठैत, राज्य मंत्री विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, जिला महामंत्री राय सिंह राणा, कार्यक्रम सह संयोजक विनोद देवशाली, अनिल कोटियाल, ऋतिक नौटियाल,जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ,ओम प्रकाश बहुगुणा अजय सेमवाल पूर्व उपाध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत शालिनी गोस्वामी, जिला कर्यालय मत्री सुनील नौटियाल, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल,नगर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत सहित सभी मंडल अध्यक्षों पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने मंडलों के अंतर्गत कार्यक्र में प्रतिभाग किया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email