देहरादून : समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने आज गांधी पार्क में आज़ाद हिंद फौज के अमर शहीद वीर केसरी चन्द की जयंती पर उनकी मूर्ति को नमन करते हुए माल्यार्पण किया। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में जन्मे केसरी चन्द देश की आजादी के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरित होकर आज़ाद हिंद फौज में शामिल हुए और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ते हुए मात्र 24 वर्ष की अल्पायु में 3 मई 1945 को देश की आज़ादी के लिए खुशी-खुशी फांसी पर चढ़कर अमर हो गए थे। समाज कल्याण मंत्री ने युवाओं से वीर केसरी चन्द के पराक्रम, त्याग और अदम्य साहस से प्रेरणा लेने की अपील की और देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा समाज कल्याण मंत्री से कार्यक्रम आयोजन को लेकर नि:शुल्क ग्राउंड उपलब्ध कराने और 10 लाख की शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी गई जिस पर खजान दास ने आयोजको को आश्वस्त किया कि वे उनकी मांगो को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखकर उनसे इस पर स्वीकृति का अनुरोध करेंगे। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रणबीर सिंह तोमर के साथ जौनसार-बावर के तमाम सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

